मथुरा। 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार बीएसए कार्यालय के लिपिक ब्रजराज सिंह की संपत्ति की भी जांच होगी। इसके अलावा बीएसए पर भी शिकंजा कसे जाने की तैयारी कर ली गई है।
लिपिक के बयानों के आधार पर बीएसए भ्रष्टाचार के इस मुकदमे में सह अभियुक्त है। एंटी करप्शन टीम उनके खिलाफ सबूत जुटाने में लगी है। बताया जा रहा है कि जल्द ही उनको पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
आगरा एंटी करप्शन की टीम द्वारा 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए 19 जून को बीएसए कार्यालय के लिपिक ब्रजराज सिंह को स्टेट बैंक चौराहा से गिरफ्तार किया था। लिपिक ने बयान दिया था कि बीएसए सुनील दत्त की शह पर उसने रिश्वत मांगी थी। इसके पीछे तर्क दिया है कि वृंदावन के जूनियर हाईस्कूल में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रामेश्वर सिंह की अनिवार्य सेवानिवृत्ति का नोटिस बीएसए के द्वारा जारी किया गया था। नोटिस का निस्तारण उन्हीं का अधिकार क्षेत्र है। रिश्वत में से कुछ हिस्सा बीएसए द्वारा स्वेच्छा से उसे दिया जाना तय हुआ था। एंटी करप्शन टीम, आगरा के अनुसार लिपिक के बयानों के समर्थन में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। बीएसए के भी बयान लिए जाएंगे।