मथुरा। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने वृंदावन क्षेत्र अंतर्गत राल में नई आवासीय योजना हनुमत विहार मंगलवार को लांच की। इसमें प्लाॅट के लिए 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। 230 प्लाट का आवंटन लाटरी ड्राॅ द्वारा किया जाएगा।
मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह ने लैंड पूलिंग योजना के तहत राल में विकसित हनुमत विहार आवासीय योजना के ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एप को राजकीय संग्रहालय स्थित कार्यालय भवन में लॉन्च किया गया। उन्होंने बताया कि यहां 230 आवासीय प्लाट हैं, जिसमें 170 वर्ग मीटर से 230 वर्ग मीटर के 26 प्लाट, 120 से 150 वर्ग मीटर के 77 प्लाट और 70 से 119 वर्ग मीटर के 127 प्लाट के लिए आवेदन होंगे। इनकी दर 25300 वर्ग मीटर निर्धारित की गई है। इस योजना में 495 प्लाट भू स्वामियों को दिए गए हैं। उपाध्यक्ष ने बताया कि योजना के लिए एचडीएफसी बैंक के सहयोग से ऑनलाइन आवेदन होंगे। यह प्रक्रिया दो जुलाई से 31 जुलाई तक चलेगी। आवेदन फार्म की फीस 1500 रुपये है। आवेदन के साथ प्लाट की कीमत का 10 प्रतिशत रजिस्ट्रेशन फीस के रूप में जमा करना होगा। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए रजिस्ट्रेशन राशि पांच प्रतिशत होगी। रजिस्ट्रेशन की यह राशि प्लाॅट आवंटन न होने पर वापस कर दी जाएगी। योजना में परिवार के कई सदस्य आवेदन कर सकेंगे, जबकि आवंटन एक सदस्य के नाम ही लाटरी ड्राॅ द्वारा होगा। जिस व्यक्ति के नाम पूर्व से ही विकास प्राधिकरण का प्लाॅट है, उसका आवेदन मान्य नहीं होगा। सचिव अरविंद कुमार द्विवेदी ने बताया कि आवासीय प्लाॅट के बाद ग्रुप हाउसिंग, व्यावसायिक,अस्पताल , दुकान आदि प्लाट का आवंटन की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इस दौरान नगर आयुक्त शशांक चौधरी, ओएसडी प्रसून द्विवेदी, अधिशासी अभियंता प्रशांत गौतम व प्राधिकरण बोर्ड के सदस्य नवीन मित्तल, डीएन गौतम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।