मथुरा। फरह थाना क्षेत्र के रैपुरा जाट इलाके में बुधवार को एक महिला के साथ टप्पेबाजी हो गई। एक शातिर परिचित बनकर महिला के घर पहुंचा और नशीला पदार्थ सुंघाकर गहने लेकर फरार हो गया। महिला द्वारा इस संबंध में थाना पुलिस को तहरीर दी गई है।
ललित पत्नी पप्पू निवासी रैपुरा जाट, फरह ने बताया कि मंगलवार सुबह 11 बजे एक युवक आया और पति का नाम लेकर उनके विषय में जानकारी करने लगा। खुद को पति का परिचित बताया। युवक ने अपना नाम देवेंद्र बताया। ललित ने बताया कि वह परिचित समझकर देवेंद्र को घर में ले गई और चाय पिलाई। इसके बाद युवक ने कुछ नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई।
करीब एक घंटे बाद होश आया तो गले में मंगलसूत्र और कान के झाले नहीं मिले। आस-पास युवक की तलाश की। मगर, उसका कोई सुराग नहीं लगा। मामले में थाना पुलिस को सूचना दी गई है। इंस्पेक्टर सुरेश चंद के अनुसार तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है। शातिर की तलाश को सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं।