मथुरा। ब्रज में बीते शुक्रवार दोपहर आई आंधी के दौरान गोवर्धन में हुई संविदा विद्युतकर्मी की मौत के संबंध में नया खुलासा हुआ है। विद्युतकर्मी आंधी के झोंके में विद्युत खंभे से नहीं, बल्कि घर की छत से नीचे गिरने पर मौत के आगोश में समाया था। पुलिस की जांच में यह सच्चाई सामने आई है। मृतक की पत्नी ने खुद ही पुलिस को घटना की सच्चाई लिखित में बयां की।
बता दें कि गोवर्धन उपकेंद्र पर तैनात संविदा लाइनमैन राकेश (45) निवासी गोवर्धन कस्बा तैनात था। उसके साथी कन्हैयालाल शर्मा ने भ्रामक जानकारी देते हुए कहानी बना दी थी कि दाऊजी, बागड़ी वाली प्याऊ इलाके में लगे खंभे पर विद्युत लाइन को ठीक करने के दौरान राकेश पोल पर चढ़ा था। नीचे वे खुद खड़ा था। तभी तेज आंधी आई और झोंके के साथ राकेश नीचे आ गिरा। इससे वह गंभीर रूप से घायल होने से मौत हो गई।
पुलिस ने मामले की जांच की तो सामने आया कि राकेश अपने घर की छत पर चढ़ा हुआ था। आंधी के दौरान वह गिर गया था। उसकी पत्नी राधारानी ने इस घटना के संबंध में लिखित में भी पुलिस को सच्चाई बयां की है। इंस्पेक्टर विनोद मिश्रा ने बताया कि मामले में पुलिस में पुलिस सच्चाई में राज खुला है। इधर, विद्युत निगम के लोगों ने इस मृतक के परिवार को आपसी सहयोग से सहयोग राशि प्रदान की है।