- परिसर में प्रवेश एवं निकासी की व्यवस्था पर किया ध्यान केंद्रित
- एलईडी स्क्रीन से होगा कन्हैया के जन्म का लाइव टेलीकास्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा। मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारियों को लेकर श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर का निरीक्षण किया। यहां प्रवेश एवं निकासी की व्यवस्थाएं देखीं।
डीएम पुलकित खरे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय, विप्रा उपाध्यक्ष नगेंद्र प्रताप, नगर आयुक्त अनुनय झा सहित अन्य अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रवेश एवं निकास द्वारों पर भीड़ को एकत्रित नहीं होने दिया जाए। श्रद्धालुओं का निरंतर आवागमन बना रहे। सीढि़यों पर बैरियर लगाए। जन्मस्थान के कंट्रोल रूम सभागार में समीक्षा बैठक करते हुए मंडलायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को साफ-सफाई, मोबइल टाॅयलेट, वाटर टैंकर, साज सजावट, लाइटिंग, पार्किंग, ई-रिक्शा स्टैंड, ई-बसें संचालन, पीए सिस्टम, जूताघर आदि के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रीबांकेबिहारी एवं जन्मस्थान पर मेडिकल टीमें लगाई जाएं। मंदिर में आवागमन मार्ग, होल्डिंग एरिया, पार्किंग पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लाइव टेलीकास्ट दिखाया जाए। जिले की बेवसाइट पर मंदिर के दर्शन के लिए बेवसाइट के लिंक को प्रदर्शित करेंं, यूट्यूब पेज बनाया जाए। पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिए कि जनपद के सभी मार्गों को गड्ढा मुक्त करते हुए रोड को पैच-लेस बनाएं। उन्होंने एसडीएम से नंदबाबा मंदिर, 84 खंभा मंदिर, दाऊजी मंदिर एवं रमणरेती आश्रम तथा राधा रानी मंदिर व गिरिराज जी मंदिर की तैयारियों की जानकारी ली।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का विकसित होगा नया सिस्टम
मंडलायुक्त ने श्रीबांकेबिहारीजी मंदिर में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में दर्शन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का नया सिस्टम, नया एप विकसित करने, मंदिर के आसपास रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, टीएफसी, पार्किंग आदि महत्वपूर्ण स्थानों पर दर्शनार्थी के लिए कियोस्क लगाने पर चर्चा की। कियोस्क के माध्यम से श्रद्धालु श्रीबांकेबिहारी के दर्शन की पर्ची निकलवा सकता है। उन्होंने कहा कि मंदिर के अंदर एवं बाहर मेडिकल टीम, पोर्टेबल ऑक्सीजन सिलिंडर, निकटतम एंबुलेंस की सुविधा के निर्देश दिए। विद्युत पोल पर प्लास्टिक रैपिंग करें। सभी स्ट्रीट लाइट को संचालित कराने के निर्देश दिए।