चौमुहां। जैंत पुलिस की गश्त न होने की वजह से क्षेत्र में आए दिन चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। बृहस्पतिवार की देर रात थाना जैंत के कस्बा चौमुहां में चोरों ने हनुमान बगीची मंदिर को निशाना बनाया। चोर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर बगीची स्थित मंदिर से घंटा, घड़ियाल व चढ़ावे की नकदी लेकर फरार हो गए।
सुबह महंत मंदिर की आरती करने गए तो मंदिर का गेट खुला मिला। महंत ने मंदिर से घड़ियाल व चड़ावे की नकदी गायब देखी तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। मंदिर के पुजारी ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल में लग गई। महंत नूतन दास ने बताया कि चोर मंदिर से कीमती सामान घंटे, घड़ियाल व 1700 रुपये चढ़ावे की नकदी चोरी कर ले गए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में गांजा व स्मैक की बिक्री के चलते आए दिन चोरी की घटनाएं होती रहती हैं। जैंत पुलिस नशा माफिया पर अंकुश लगाने में नाकामयाब साबित हो रही है।
ज्ञात रहे कि 5 माह पूर्व में भी करियल बगीची मंदिर से चोर अष्ठ धातु की मूर्तियां, घंटे, घड़ियाल व नकदी चुराकर ले गए थे। घंटे, घड़ियाल व छोटी मूर्ति को थाना जैंत पुलिस ने खुद से खरीदकर एक खाली प्लॉट में डाल दिया था। जहां से मूर्ति बरामदगी दिखाकर जैंत पुलिस ने अपनी पीठ थपथपा ली। अष्ठ धातु की दो बड़ी मूर्तियों को ढूंढकर उनका खुलासा करने में जैंत पुलिस अब तक नाकाम है। सीओ सदर प्रवीण कुमार मलिक ने बताया कि जांच कर कार्रवाई की जा रही है।