मथुरा। वेटरनेरी यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं का एक और दल विदेश रवाना हो गया है। इस दल में एक छात्रा और चार छात्र शामिल हैं। यह दल यूएस स्थित ओखलामा स्टेट यूनिवर्सिटी में चार सप्ताह क्लीनिक प्रशिक्षण लेगा।
इससे पहले चार दल विदेशी विश्वविद्यालयों में प्रशिक्षण के लिए गए हैं। इस तरह अब तक 55 छात्र विदेशी धरती पर प्रशिक्षण के लिए गए हैं। कॉलेज ऑफ वेटरनेरी साइंस के डीन डॉ. पीके शुक्ला ने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत एनएएचपी कार्यक्रम में वेटरनेरी यूनिवर्सिटी के छात्र विदेशी यूनिवर्सिटी में प्रशिक्षण के लिए जा रहे हैं।
अब तक विभिन्न देशों में पांच दलों में शामिल 55 छात्र-छात्राएं प्रशिक्षण के लिए गए हैं। विदेश में प्रशिक्षण का पूरा खर्च यूनिवर्सिटी उठा रही है। मथुरा से ओखलामा स्टेट यूएस के लिए रवाना हुए छात्रों के परिजन भी इस मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान कुलपति प्रो.एके श्रीवास्तव, डॉ. अतुल सक्सेना, प्रोग्राम कॉडिनेटर डॉ. मुनींद्र कुमार भी मौजूद रहे।