मथुरा/कोसीकलां। कोसीकलां थाना क्षेत्र के तालाब मंदिर के पास 7 फरवरी को सांड के हमले से घायल शिक्षक ने सोमवार रात उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का मंगलवार को पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया।
गगन अग्रवाल (40) पुत्र नानक चंद निवासी केशवकुंज, कोसीकलां इलाके के सरस्वती विद्या मंदिर में शिक्षक थे। सात फरवरी की रात को वह बाइक से घर जा रहे थे। परिवार वालों के अनुसार, तालाब मंदिर के पास दो सांड लड़ रहे थे। उन्होंने गगन पर हमला कर दिया। घायल गगन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया था । वहां सोमवार रात को उनकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर अरुण कुमार बालियान ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया गया है।
जिंदगी से जंग हारने की सूचना ने सबको रूला दिया
शिक्षक गगन के स्वस्थ होने की कामना को लेकर जगह-जगह लोग हवन कर रहे थे। मंगलवार सुबह उनके जिंदगी की जंग हारने की सूचना ने सभी को रूला दिया। सूचना मिलते ही लोग गगन के घर में लोग सांत्वना देने के लिए जुटने लगे। पत्नी, बेटे व बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। मंगलवार शाम को जब गगन का शव नगर पहुंचा तो अंतिम विदाई देने के लिए नगरवासी उमड़ पड़े। नम आंखों से गगन को लोगों ने अंतिम विदाई दी।।