कोसीकलां। चेहल्लुम कमेटी के तत्वावधान में बुधवार शाम ताजियों का जुलूस निकाला गया। इन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। इस दौरान अखाड़ेबाजों ने करतबों से सभी को मोह लिया। बाद में ताजियों को कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
ताजियों का जुलूस देर शाम दिल्ली गेट निकासा से शुरू होकर गुरुषगंज, बल्देवगंज, पुरानी जीटी रोड, घंटाघर मार्ग से निकाला गया। जुलूस में ताजिये चल रहे थे। जिन्हें लोग देखते ही रह गए। विद्युत की रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग ताजिये सभी के आकर्षण का केंद्र बने थे। ताजियों के बीच में अखाड़े के अखाड़ेबाज अपनी कला का प्रदर्शन करते चल रहे थे। घंटों तक चले जुलूस के बाद ताजियों को रात्रि में करबला में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
दिल्ली गेट पर मेला में बाहर के दुकानदारों ने दुकानें लगाई। सात घंटे तक चले जुलूस के बाद ताजियों को रात्रि में 2 बजे कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। दिल्ली गेट पर शाकिर नंबरदार, शानू सलमानी, काले कुरैशी, नकीम, उमर कुरैशी तथा सब्जी मंडी में काले खान, आफताब, अफतार, गफ्फार, नाहिद, भोला आदि ने ताजिएदारों को सम्मानित किया। एसडीएम स्वेता सिंह, सीओ आशीष शर्मा फोर्स के साथ थे।