मथुरा। मुहर्रम कमेटी शहर व सदर के तत्वावधान में मुहर्रम के दसवें दिन बुधवार को नगर में जगह-जगह गमगीन माहौल के बीच ताजिये निकाले गए और अंत में कब्रिस्तान कर्बला में सुपुर्द-ए-खाक किए गए।
अबरार खान वारसी ने बताया कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के नवासे हजरत इमाम हुसैन की याद में मोहर्रम 9 दिन तक अलम, अखाड़े, दुलदुल के जुलूस निकाले। इसके बाद दसवें दिन बुधवार को सौंख रोड, नई बस्ती, डीग गेट, शाही मस्जिद ईदगाह, मटिया गेट, मंडी रामदास, ठेक नारनौल, घीया मंडी खारी कुआं, मोहल्ला दरेसी व मनोहरपुरा के ताजिये भरतपुर गेट पर जमा हुए।
इसके बाद नगर के सभी ताजिये एक साथ कोतवाली रोड होकर होली गेट पहुंचे। चौक बाजार जामा मस्जिद के सामने से होते हुए कब्रिस्तान कर्बला शरीफ पहुंचे। सभी ताजियेदारों ने ताजियों को गमगीन माहौल के बीच कर्बला में दफनाया। कमेटी अध्यक्ष मोहम्मद युनूस गाजी व सचिव अबरार खान वारसी एवं मोहर्रम कमेटी पदाधिकारियों का साफा व शील्ड देकर स्वागत किया।
इस मौके पर भूरा शेख, जहीर अब्बास जैदी, शारिक अली, हाजी सूफी सईद हसन, शाहिद कुरैशी, राजू फारूकी, डॉ. शबनम कुरैशी, निशाद अहमद, नौशाद खान आदि मौजूद रहे।