मथुरा। रविवार शाम अचानक बदले मौसम के मिजाज के साथ आई तेज आंधी और बारिश से शहर के साथ-साथ जिले भर में जगह-जगह पेड़ टूट कर गिर गए, होर्डिंग्स उड़ गए। बिजली के पोल उखड़ गए। इससे जहां रास्ते अवरुद्ध हो गए, वहीं आधा शहर सहित अन्य स्थानों पर बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सौंख में बिजली गिरी, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। गांव राल में बिजली गिरने से एक मकान में दरारें आ गईं।
पिछले चार दिन से तापमान में लगातार वृद्धि हो रही थी। रविवार को भी तापमान 42 डिग्री के आंकड़े को पार कर गया। शाम ढलते ही मौसम में करवट ली और तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया। कुछ ही देर में इसने आंधी का रूप ले लिया। ग्रामीण अंचल के साथ शहरी क्षेत्र में भी इसका प्रभाव देखने को मिला।
तेज आंधी से मुख्य मार्गों पर भी आवागमन रुक गया। अनेक स्थानों पर पेड़ उखड़ कर सड़कों पर गिर गए। रोड किनारे लगे होर्डिंग भी उखड़ गए। होलीगेट, सौंख रोड, गोवर्धन रोड पर कई होर्डिंग सड़क पर आ गए। राया रोड पर पेड़ उखड़ गया। भूतेश्वर विद्युत सब स्टेशन के पास आंधी से सड़क पर पेड़ टूटकर गिर गया, वहीं राधिका विहार में भी पेड़ टूटकर गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। वहीं, बारिश भी हुई।
महावन तहसील क्षेत्र में एक घंटे से तेज धूल भरी आंधी और हल्की बारिश बिजली आपूर्ति बाधित कर दी। कई जगह पेड़ टूट गए। राधाकुंड में नगला साखी पर खड़े ट्रांसफार्मर पोल टूटने से धराशाई हो गया। इससे राधाकुंड और आसपास के गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश का यह दौर करीब एक घंटे चला।
राधाकुंड के नगला साखी में तेज आंधी के कारण विद्युत आपूर्ति लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। नंदगांव में आई आंधी से कई जगह लोगों के टिनशेड उड़ गए। रविवार को साप्ताहिक बाजार लगा था। दुकानदारों ने आंधी को देख सामान समेट लिया। बिजली भी गुल हो गई। गोवर्धन में अचानक आंधी के साथ हुई बारिश ने आफत खड़ी कर दी। तेज आंधी के चलते बिजली गुल हो गई। परिक्रमा कर रहे भक्तों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सौंख कस्बा में हुई बारिश के दौरान अचानक बैंक चौराहा स्थित योगेश गोस्वामी के मकान पर करीब 7 बजे बिजली गिर गई l इससे मकान में लगी बिजली फिटिंग की केबिल और इंवेटर में आग लग गई l मकान की बिजली आपूर्ति ठप हो गई l दूसरी तरफ राजू लोहिया की दुकान का इन्वेटर, बाबा जूस कॉर्नर, राजेश गोस्वामी के घर, रिंकू लोहिया, गिरधारी लाल आदि लोगो का इन्वेंटर फुंक गए। सूचना पर थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह व चौकी प्रभारी संदीप कुमार पहुंचे l
जैंत थाने के गांव राल में सरकारी हॉस्पिटल के पास हुकम सिंह पुत्र चेतराम रहते हैं। शाम आई बारिश व आंधी के बीच बिजली गिरने से हुकम का मकान फट गया तथा छत का पत्थर टूटकर गिर पड़ा। गनीमत रही किसी कोई चोट नहीं आई।