फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mathura News: कार सवारों पर फिर फेंके पत्थर, महिला घायल

Thu, 01 Jun 2023 12:09 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा
विज्ञापन
विज्ञापन
टैटीगांव। यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार रात फिर से कार सवारों पर पत्थर मारने की घटना हुई। कार का शीशा टूटने से एक महिला को चोटें आईं हैं। गनीमत रही कि उन्होंने कार को रोका नहीं। इससे पहले सोमवार रात भी अज्ञात बदमाशों ने कारों पर पत्थर फेंके थे। एक कार के रुकने पर सवारों से लूटपाट की वारदात को अंजाम दे दिया गया।
विज्ञापन


सुरीर थाना क्षेत्र स्थित यमुना एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 89-90 के बीच मंगलवार रात 12 बजे के करीब दिल्ली के राना प्रताप बाग स्थित मकान नंबर 8/5 निवासी रिषी पाथी अपनी मां सिम्मी पाथी के साथ बांके बिहारी के दर्शन कर दिल्ली लौट रहे थे। माइल स्टोन 90-89 के मध्य पहुंचे ही थे कि डिवाइडर पर बैठे बदमाशों ने कार में पत्थर मारा। इससे कार का शीशा टूट गया और कार में सवार सिम्मी पाथी के आंख व माथे पर चोटें लगीं। हालांकि उन्होंने गाड़ी वहां नहीं रोकी।

थोड़ी दूर जाकर जब पुलिस की वैन देखी तो कार सवारों ने आपबीती सुनाई। पुलिस ने घायल को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया है। इससे पूर्व माइल स्टोन 88 स्थित गांव नगला हरिया के पास डिवाइडर पर लगी झाड़ी में छिपे बदमाशों ने आगरा से नोएडा जा रही कार की ओर पत्थर फेंके, लेकिन लगे नहीं। कार सवारों ने इसकी सूचना टैंटीगांव अंडरपास पुल पर खड़े कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र यादव को दी। वह तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन कोई हाथ नहीं लगा। इससे पहले सोमवार रात को यमुना एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 89 पर कानपुर से दिल्ली जा रहे इंजीनियर के परिवार की कार पर बदमाशों ने पत्थर फेंके।
विज्ञापन


जैसे ही कार रुकी बदमाशों ने तमंचा दिखाते हुए दिल्ली निवासी शैलेंद्र और उसके दोस्त से कैश तथा शैलेंद्र की पत्नी के जेवरात लूटे थे। पुलिस इस मामले का खुलासा भी नहीं कर पाई कि मंगलवार रात को उसी स्थान पर बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने का प्रयास कर पुलिस को खुली चुनौती दी है। सूचना पर एसपी देहात त्रिगुण बिसेन, सीओ मांट रविकांत पाराशर ने वारदात स्थल का निरीक्षण किया और सुरीर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र यादव को एक्सप्रेसवे पर लगातार पेट्रोलिंग के निर्देश दिए।


-



माइल स्टोन 89 बना बदमाशों की पसंद



- एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 89 पर सोमवार के बाद मंगलवार की रात को पुन: लूट की वारदात का प्रयास साफ दर्शाता है कि बदमाशों में पुलिस का खौफ खत्म हो गया है। साथ ही माइल स्टोन 89 बदमाशों की पसंद बन गया है। सोमवार की रात को इंजीनियर परिवार के साथ लूटपाट करने के बाद पुलिस के उच्च अधिकारियों ने वारदात स्थल का दिन में निरीक्षण किया। जबकि रात को पुन: उसी स्थान पर वृंदावन से लौट रहे कार सवारों के ऊपर पथराव ने अधिकारियों को सोचने पर विवश कर दिया। थाने के अलावा डायल 112 और टोल की पेट्रोलिंग गाड़ियों की गश्त बढ़ाई है। ताकि पुन: की वारदात न हो सके।



वारदात खोल रही पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षा की कलई



यमुना एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रही वारदात सुरक्षा पर सवाल उठा रही है। महंगा टोल टैक्स देने के बाद भी वाहन चालक इस पर सुरक्षित नहीं हैं। ग्रामीण श्याम बिहारी लवानियां दाऊजी गुप्ता, कन्हैयालाल, संतोष कुमार आदि का कहना है कि दो दिन से लगातार हो रही वारदात ने यमुना एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था की कलई खोल दी है। नोएडा से आगरा तक बना यमुना एक्सप्रेसवे आधा दर्जन थानों की सीमा से गुजरता है। पुलिस और जेपी इंफ्राटेक की पेट्रोलिंग गाड़ियां लगातार गश्त का दावा करती है, लेकिन इसके बाद भी वारदात हो रहीं हैं।


यमुना एक्सप्रेसवे पर पत्थर गैंग को पकड़ने के लिए सात टीमों का गठन किया है। इसके साथ ही पुराने अपराधियों की कुंडली भी खंगाली जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि हाल ही में कौन-कौन से शातिर जेल से बाहर आए हैं। एक्सप्रेसवे पर चलने वाले वाहनों की सुरक्षा के लिए डायल 112, थाना मोबाइल, पीआरवी तथा जेपी इंफ्राटेक की पेट्रोलिंग गाड़ियों को लगातार गश्त करने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन

- त्रिगुण बिसेन, एसपी देहात
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें