मथुरा। 79वें वार्षिक निरंकारी संत समागम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की राह आसान करने के लिए रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। नांदेड़ और पानीपत के बीच चलने वाली इन ट्रेनों का ठहराव मथुरा जंक्शन पर भी रहेगा। इससे समागम में आने-जाने वाले यात्रियों को सहूलियत मिलेगी। रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 07635 नांदेड़-पानीपत विशेष ट्रेन 21 और 27 अक्तूबर को संचालित होगी। यह ट्रेन नांदेड़ से सुबह 7:40 बजे रवाना होगी, अगले दिन सुबह 11:35 बजे मथुरा जंक्शन पहुंचेगी। यहां पांच मिनट ठहरने के बाद सुबह 11:40 बजे पानीपत के लिए रवाना हो जाएगी। निर्धारित ठहरावों से गुजरते हुए ट्रेन शाम 5:30 बजे पानीपत पहुंचेगी। इसी तरह, वापसी में गाड़ी संख्या 07636 पानीपत-नांदेड़ विशेष ट्रेन 22 और 28 अक्तूबर को चलेगी। दोनों ट्रेनों का ठहराव आगरा कैंट, धौलपुर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, इटारसी, भुसावल, मनमाड, छत्रपति संभाजीनगर और पूर्णा जंक्शन समेत प्रमुख स्टेशनों पर भी रहेगा। झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि निरंकारी संत समागम के दौरान यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिल सके। संवाद