मांट (मथुरा)। तहसील मांट परिसर स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय में सोमवार को जमीन के विवाद को लेकर दो बहनों में झगड़ा हो गया। दोनों में आपस में जमकर लात-घूंसे चले। पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया।
सोमवार को थाना राया के गांव थना नरबै निवासी महिला अपनी जमीन का बैनामा करने के लिए तहसील स्थित सब रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंची। इसकी जानकारी उसकी बहन को हुई तो वह रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंच गई। यहां दोनों में विवाद हो गया। देखते-देखते लात-घूसें चलने लगे। इससे कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। कार्यवाहक थाना प्रभारी भुवनेश दीक्षित ने बताया जमीन के विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। मामले की जांच कराई जा रही है।
चचिया ससुर ने पीटा
जमीन को खेती के लिए बटाई पर उठाने से खफा चचिया ससुर ने महिला की पिटाई कर दी। घायल महिला का पुलिस ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया है। सोमवार को मांट मूला निवासी पूनम पत्नी मुकेश कुमार थाना मांट पहुंची। अपने चचिया ससुर पर पीटने का आरोप लगाया। बताया की अपने हिस्से की ज़मीन को बटाई पर उठाया है। जबकि चचिया ससुर ज़मीन को अपनी बता रहे हैं। पुलिस ने तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की है। कार्यवाहक थाना प्रभारी भुवनेश दीक्षित ने बताया की मामले में जांच की जा रही है।