मथुरा। सर, मेरे विकासखंड में कोई भी विद्यालय बिना मान्यता के नहीं चल रहा है। इस तरह का शपथ पत्र अब सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को देना होगा। इस आशय के निर्देश बीएसए ने सभी बीईओ को दिए हैं। ताकि बिना मान्यता वाले विद्यालयों के साथ अधिकारियों की मिलीभगत पर अंकुश लगाया जा सके।
शासन लगातार बिना मान्यता के चल रहे विद्यालयों पर सख्ती बरत रहा है। ऐसे विद्यालयों पर कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए जा रहे हैं। हाल ही में सरकार ने बिना मान्यता वाले विद्यालयों के पकड़े जाने पर संचालक पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाए जाने के आदेश भी दिए हैं। ऐसे विद्यालयों को तलाश करने के निर्देश सभी जिला विद्यालय निरीक्षक व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को दिए गए हैं।
इसी को आधार बनाकर बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे विद्यालयों को तलाशने के निर्देश दिए हैं, जोकि बिना मान्यता के चल रहे हैं। साथ ही यह भी निर्देशित किया है कि यदि आपके क्षेत्र में ऐसा कोई विद्यालय नहीं है तो फिर आप एक शपथ पत्र दीजिए, जिस पर लिखकर देना होगा कि मेरे क्षेत्र में कोई भी विद्यालय बिना मान्यता के नहीं चल रहा है। इससे ऐसे विद्यालयों पर अंकुश लग सकेगा।
सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने क्षेत्र में बिना मान्यता के संचालित हो रहे विद्यालयों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान के बाद सभी बीईओ को यह शपथ पत्र देना होगा कि उनके क्षेत्र में कोई भी विद्यालय बिना मान्यता के संचालित नहीं हो रहा है।
-सुनील दत्त, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी