नौहझील। गांव मरहला मुक्खा में धान की रोपाई के लिए एक ट्रैक्टर चालक पानी भरे खेत में रूटावेटर चला कर गाद बना रहा था। काम करने के दौरान ट्रैक्टर खेत में फंस गया। फंसे हुए ट्रैक्टर को निकालने के लिए एक-एक कर सात ट्रैक्टर खेत में पहुंचे। बारी-बारी से सभी फंसते चले गए। यहां तक कि इन फंसे हुए ट्रैक्टरों को निकालने पहुंची जेसीबी भी खेत में जा धंसी।
जेसीबी मालिक पिंटू फौजदार ने बताया कि मशीन ट्रैक्टरों तक पहुंचने से पहले ही जमीन में धंस रही थी। किसान हेमराज चौधरी, दीपू फौजदार, महेंद्र निषाद, अनिल ठाकुर, उमेश चौधरी, लेखराज सिंह के ट्रैक्टर खेत में दो दिन तक फंसे रहे। दो दिन तक कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से खेत से ट्रैक्टरों को निकाला गया। खेत में फंसे ट्रैक्टर दो दिन तक किसानों के लिए कौतूहल बने रहे। खेत में पानी कम होने के बाद बुधवार दोपहर को खेत से ट्रैक्टरों को निकाला गया।