मथुरा। दानघाटी मंदिर के सेवायत पवन कौशिक एडवोकेट को सेवा से हटाने के लिए उन पर शुक्रवार रात जानलेवा हमला हुआ था। वारदात में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर गोवर्धन पुलिस ने इन सभी सोमवार को जेल भेज दिया। इस मामले में एक बाल अपचारी को भी संरक्षण में लिया गया है। अब पुलिस हमले के 2 साजिशकर्ताओं की तलाश में जुटी है। वहीं घायल का आगरा के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हमले को सेवायत के पिता मथुरा दास कौशिक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। थाना प्रभारी विनोद बाबू मिश्र ने बताया कि रविवार देर रात बरसाना बाईपास स्थित राधाकुंड मिर्ची बगीची कट से गोपाल निवासी थोक दाऊद चौमुहां थाना जैंत, सुनील निवासी अमर काॅलोनी थाना हाईवे, शिवम व मोहित निवासी महाविद्या काॅलोनी थाना गोविंदनगर, विशाल व धर्मेंद्र निवासी विकास नगर काॅलोनी थाना गोविंदनगर को पकड़ा गया। आरोपियों के पास से 3 तमंचे, 7 कारतूस, 3500 रुपये, 5 मोबाइल फोन एन्ड्राइड, एक लोहे की रॉड, दो बाइक, एक स्कूटी बरामद हुई है। गोपाल पर हत्या सहित एक दर्जन से अधिक मुकदमे वृंदावन व अन्य थानों में दर्ज हैं। उसे गैंगस्टर में भी निरुद्ध किया जा चुका है।
हमले का मुख्य आरोपी है गोपाल
प्रभारी निरीक्षक थाना गोवर्धन विनोद बाबू मिश्र ने बताया कि सेवायत पर हमले का मुख्य आरोपी गोपाल निवासी चौमुहां है। वह पूर्व में हत्या के केस में जेल में गया था। उसकी दोस्ती गोवर्धन त्रिपोलिया बाजार निवासी ध्रुव से जेल में हुई। इसके बाद वह सेवायत पवन से मंदिर की सेवा व अन्य मामलों में हस्तक्षेप को लेकर गोवर्धन का छोटू रंजिश मानने लगा। उसने सेवा से हटाने के लिए ध्रुव से संपर्क किया। ध्रुव ने इस काम के लिए चौमुहां निवासी शातिर बदमाश व जेल में दोस्त बने गोपाल से संपर्क किया। दोनों ने 11 जुलाई को चौमुहां में गोपाल के घर जाकर सेवायत पर हमले की साजिश रची। इस मामले में छोटू ने गोपाल को एक लाख रुपये भी दे दिए। जब 26 जुलाई को दानघाटी मन्दिर की सेवा का ठेका चल रहा था तो ध्रुव व छोटू ने गोपाल से संपर्क किया और गोपाल ने अन्य आरोपियों के साथ सेवायत पवन पर हमला बोल दिया।
अधिवक्ताओं ने जताई नाराजगी, कड़ी सुरक्षा मे हुई पेशी
हमलावरों को कोर्ट में पेशी के लिए गोवर्धन पुलिस कड़ी सुरक्षा में बस से ले गई। यहां कोर्ट के बाहर अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। अधिवक्ताओं ने साथी अधिवक्ता व सेवायत पर हुए हमले को निंदनीय बताया। इन दौरान बड़ी मुश्किल से अधिवक्ताओं के बीच से आरोपियों को पुलिस निकाल कर पेशी के लिए ले गई। अधिवक्ताओं ने कहा कि कहना है कि सेवायत पवन कौशिक की ओर से पैरवी कर आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाएंगे।