- जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर 300 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने दिया धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा। उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के प्रांतीय आह्नान पर शनिवार को जिला इकाई के नेतृत्व में 300 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय परधरना दिया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित 16 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन डीआईओएस को सौंपा। शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष संजय पचौरी ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का निराकरण नहीं हो पा रहा है। पुरानी पेंशन योजना का लाभ भी नहीं मिल रहा है। इनके अलावा भी कई समस्याएं हैं, जो सरकार के संज्ञान में है, बावजूद इसके निराकरण नहीं हो रहा। अपना हक लेने के लिए आज हम एक नहीं हुए तो आगे और भी दिक्कतें आएंगी। ऐसे में अब एकजुट होने का समय आ गया है। धरने के बाद पुरानी पेंशन योजना लागू करना, निशुल्क चिकित्सा सुविधा, समान कार्य के लिए समान वेतन, तदर्थ शिक्षकों का विनियमितीकरण, 2005 से पूर्व नियुक्ति पत्र पाए 5 शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ, मथुरा-वृंदावन नगर निगम क्षेत्र में नगर निगम गृह भत्ता सहित 16 मांगों का मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्रा को दिया गया। इसके साथ ही डीआईओएस कार्यालय के वित्त एवं लेखाधिकारी द्वारा किए जा रहे अनियमित कार्यों की शिकायत भी जिला विद्यालय निरीक्षक के माध्यम से मुख्यमंत्री से कई गई। धरने में जिला मंत्री अनिल छौंकर, पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र उपाध्याय, डाॅ. मनवीर सिंह, आनंद शर्मा, विनोद कुमार उपाध्याय, डॉ. भगत सिंह, देशराज सिंह, चंद्रभान यादव सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।