मथुरा। आपकी ट्रेन ने सीटी दे दी और चलने लगे फिर अचानक रुक जाए तो आपकी भी उत्सुकता होगी कि ट्रेन कैसे रुक गई। बृहस्पतिवार सुबह जब उज्जैनी एक्सप्रेस मथुरा जंक्शन से करीब 9 बजकर 30 मिनट पर जैसे ही आगे बढ़ी एक सनकी युवक रेल के आगे डम-डम, डिगा-डिगा करने लगा। बमुश्किल ट्रेन के लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका। ट्रेन के रुकने के बाद ही वह उसके आगे से हटा। इसके बाद युवक की सनक यहीं नहीं रुकी और सिग्नल पर चढ़ गया और ट्रेन को हाथ से हरी झंडी दिखाने लगा। बाद में उसे हटाकर ट्रेन को रवाना किया गया। युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है। पूरा मामला मथुरा जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या दो का है। सुबह करीब 9 बजकर 30 मिनट पर उज्जैन से आ रही ट्रेन प्लेटफार्म संख्या-2 पर रुकी। करीब पांच मिनट के बाद जैसे ही ट्रेन आगे बढ़़ी। सफेद रंग की टी शर्ट और हॉफ नीले रंग का नेकर पहने नंगे पैर युवक ट्रेन के आगे कुछ दूरी पर पहले खड़ा हुआ और उसके बाद आगे पीछे होकर डांस करने लगा। खतरा भांपते हुए ट्रेन के लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका। दूसरे लोको पायलट ने बाहर निकल कर युवक को हटाने का प्रयास किया। जिसके बाद युवक आगे मौजूद सिग्नल पर लगी सीढि़यों के सहारे चढ़ गया और ट्रेन को हरी झंडी देने की स्टाइल से हाथ दिखाकर रवाना करने लगा। इस दौरान प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वहां पर कुछ लोग वीडियो बना रहे थे और युवक को रोकने का प्रयास कर रहे थे लेकिन जीआरपी या आरपीएफ कर्मी कोई नजर नहीं आया। डीआरएम पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।