मथुरा। यूपी बोर्ड परीक्षा के इंटरमीडिएट के जीव विज्ञान एवं गणित के पेपर आगरा में लीक होने के बाद शासन ने सख्ती कर दी है। अब सभी कक्ष निरीक्षकों और परीक्षा के कार्य में लगे अन्य कर्मियों के मोबाइल फोन परीक्षा केंद्र के मुख्य द्वार अथवा उसके निकट रखे जाएंगे।
माध्यमिक शिक्षा परिषद् की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 22 फरवरी से आरंभ हुई थीं। इसी क्रम में 29 फरवरी को इंटर का जीव विज्ञान व गणित का पेपर आगरा में परीक्षा के दौरान लीक हो गया। इस मामले के बाद सख्ती बरतते हुए माध्यमिक शिक्षा निदेशक महेंद्र देव ने निर्देश दिए हैं कि सभी कक्ष निरीक्षकों और परीक्षा कार्य में लगे अन्य कर्मियों के मोबाइल परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर अथवा उसके निकट ही जमा करा लिए जाएं।
किसी भी दशा में उस कक्ष में मोबाइल फोन न हों, जिसमें उत्तरपुस्तिकाएं और प्रश्नपत्र रखे हुए हैं। जिससे पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। परीक्षा के दौरान यदि किसी कक्ष निरीक्षक अथवा किसी अन्य व्यक्ति के पास मोबाइल फोन मिलता है तो उसके खिलाफ स्टेटिक मजिस्ट्रेट प्राथमिकी दर्ज करा सकते हैं। बता दें कि मथुरा में 127 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल व इंटर के मिलाकर लगभग 76 हजार परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं।
निदेशक द्वारा मिले निर्देश के बाद स्थानीय स्तर पर सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट व केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित कर दिया गया है। यदि किसी भी तरह भी अनियमितता मिलती है तो उसके विरुद्ध तत्काल विधिक कार्रवाई की जाएगी।
- भास्कर मिश्र, डीआईओएस