मथुरा। यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के लिए जिले में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिन पर लगभग 5200 कक्ष निरीक्षक परीक्षा संपन्न कराएंगे। इस वर्ष पहली बार कक्ष निरीक्षक क्यूआर कोड आधारित पहचान पत्र पहनेंगे।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षाएं बृहस्पतिवार से शुरू हो रहीं हैं। इस बार बोर्ड परीक्षा में कुल 76436 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। बोर्ड परीक्षा को संपन्न कराने के लिए इस बार लगभग 5200 कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। इस बार खास बात यह है कि कक्ष निरीक्षकों के लिए बोर्ड से पहचान पत्र जारी किए गए हैं। इन पर क्यूआर कोड भी अंकित है। इस क्यूआर कोड को स्कैन करने पर कक्ष निरीक्षक का ब्योरा तत्काल सामने दिखाई देगा। यह कवायद कक्ष निरीक्षकों का फर्जीवाड़ा रोकने के लिए की गईं है।
जिला विद्यालय निरीक्षक भास्कर मिश्र ने बताया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयारी हो चुकी है। इस बार कक्ष निरीक्षकों के लिए बोर्ड द्वारा जारी पहचान पत्र में क्यूआर कोड भी अंकित है। सभी के पास यह पहचान पत्र पहुंच चुका है। सभी कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा के दौरान इसे अपने साथ रखना होगा।