मथुरा। नवादा चौराहे के पास राधा कृष्ण गार्डन के सामने बीती 23 मार्च की रात सराफ पिता-पुत्र से लूट का खुलासा करते हुए पुलिस, स्वाट और एंटी रिवार्डेड टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उ से लाखों के जेवर, नकदी, 15 मोबाइल व अन्य माल बरामद हुआ है। आरोपी के दो साथी अभी फरार हैं।
एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि तंतूरा रोड पर मूलचंद नाम से सराफ की दुकान करने वाले बांकेलाल वर्मा और उनके बेटे सोनू वर्मा निवासी ब्रजरज धाम काॅलोनी, रिफाइनरी 23 मार्च की रात दुकान बंद कर स्कूटी से घर जा रहे थे। राधा कृष्णा गार्डन के सामने पीछे से आए एक बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उनसे लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस की पांच टीमें बदमाशों की धरपकड़ में लगीं थीं। मुखबिर की सूचना पर जयगुरुदेव पेट्रोल पंप के पास से चांद उर्फ पिलुआ उर्फ गटुआ पुत्र रमजानी निवासी ईदगाह परिसर, डीग गेट, गोविंद नगर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में बताया कि वह हाल में तोरा चौकी क्षेत्र, फतेहाबाद रोड, ताजगंज, आगरा में रहता है। उसके कब्जे से लूट से संबंधित करीब चार लाख रुपये के जेवरात, 1,42,780 रुपये नकद, अवैध असलहा व चोरी/लूट के 15 मोबाइल, एक मोटर साइकिल बरामद हुई है। उसने बताया कि वारदात के बाद वह अपने साथियों को मथुरा छोड़कर आगरा भाग गया था। साथियों के साथ माल का भी बंटवारा हो गया है। अन्य माल उनके पास है। आरोपी के खिलाफ आगरा-मथुरा के थानों में 27 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम मेंइंस्पेक्टर रमेश चंद्र त्रिपाठी, स्पेशल टास्क टीम प्रभारी इंस्पेक्टर प्रशांत कपिल, प्रभारी स्वाट टीम अभय कुमार शर्मा शामिल रहे।