मथुरा। आगामी 27 जून से 4 जुलाई तक आयोजित होने वाले मुड़िया पूर्णिमा मेला के लिए मंगलवार को प्रशासनिक रोड मैप तैयार कर लिया गया है। आठ दिवसीय मुड़िया मेला में इस बार करीब एक करोड़ श्रद्धालुओं के गिरिराजजी की परिक्रमा करने का आंकलन है। इनके लिए 15 सौ से अधिक बसों का इंतजाम यूपी रोडवेज करेगा।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिलाधिकारी पुलकित खरे ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मेला की व्यवस्थाओं को लेकर बैठक की। कहा कि यह मेला बहुत महत्वपूर्ण है, जिसमें एक करोड़ से अधिक श्रद्धालु परिक्रमा करने आते हैं। इसे देखते हुए पीडब्ल्यूडी अधिकारी सड़कों को गड्ढा मुक्त कर लें। वाॅच टावर, बैरिकेडिंग, पार्किंग में रैंप का कार्य समय से कराना सुनिश्चित करें।
मानसी गंगा, कुसुम सरोवर, कृष्णकुंड एवं राधाकुड के चारों ओर बैरिकेडिंग करा ली जाए। स्वास्थ्य अधिकारी सीएचसी गोवर्धन में जनशक्ति की पूर्ति करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को दुरूस्त कर लें। इस डीएम को अवगत कराया कि 17 स्थानों पर स्वास्थ्य कैंप, विभिन्न स्थानों पर डाॅक्टर, 13 एम्बुलेंस एवं मोटर साइकिल एंबुलेंस की भी व्यवस्था रहेगी।
जिलाधिकारी ने परिवहन अधिकारियों को मेला के लिए 1500 बसों की व्यवस्था करने को कहा। बसों के मार्गों को पहले से ही चयनित किया जाए, जिससे जाम की समस्या उत्पन्न न हो। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों से स्वादिष्ट एवं गुणवक्तायुक्त खाद्य पदार्थ की बिक्री सुनिश्चित करने को कहा। नगर पंचायत गोवर्धन एवं जिला पंचायत राज अधिकारी परिक्रमा मार्ग एवं मंदिरों के आस-पास साफ सफाई सुनिश्चित करें। उप जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी पुलिस गोवर्धन से कहा कि पार्किंग, परिक्रमा मार्ग पर लाइटिंग, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरे आदि का निरीक्षण कर लें। सुरक्षा की दृष्टि से विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की जाए।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण त्रिगुण बिशेन ने बताया कि मेला क्षेत्र में वाॅच टावर, पार्किंग स्थल, खोया पाया केंद्र, सीसीटीवी कैमरे, विभिन्न स्थानों पर अस्थाई पुलिस चौकी एवं कंट्रोल रूम की व्यवस्था की जाएगी। पार्किंग के लिए स्थान चयनित करने का कार्य प्रारंभ हो गया है। भंडारे निर्धारित स्थान पर अनुमति के बाद लगेंगे। जल निगम के अधिकारियों से नालों की सफाई, नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी से राधाकुंड एवं मानसी गंगा की सफाई करा ली जाए। विद्युत अधिकारियों को 24 घंटे बिजली, जर्जर तारों की मरम्मत, विद्युत पोलों की रैपिंग, ट्रांसफार्मरों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। मेला क्षेत्र में पाॅलीथिन को पूर्ण प्रतिबंधित किया।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन विजय शंकर दुबे, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व योगानंद पांडेय, सचिव एमवीडीए राजेश कुमार, नगम मजिस्ट्रेट सौरभ दुबे, डीएफओ रजनीकांत मित्तल, उप जिलाधिकारी गोवर्धन कमलेश गोयल, क्षेत्राधिकारी पुलिस गोवर्धन राम मोहन शर्मा, एआरटीओ मनोज प्रसाद वर्मा, जिला पंचायत राज अधिकारी किरन चौधरी मौजूद रहे।