मथुरा। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बेसिक शिक्षा संदीप सिंह की अध्यक्षता में रविवार को जनपद स्तरीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने गोशालाओं, मोबाइल एंबुलेंस, सीसीटीवी से निगरानी और निराश्रित गोवंश संरक्षण की जानकारी दी। सीडीओ मनीष मीना ने अमृत सरोवर, आवास योजनाओं, स्वयं सहायता समूहों और सौर ऊर्जा योजनाओं की प्रगति बताई। कन्या सुमंगला, वृद्धा पेंशन, सामूहिक विवाह, जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र वंचित न रहे। लोक निर्माण विभाग ने सड़कों के चौड़ीकरण व नव-निर्माण कार्यों की प्रगति बताई। बिजली बिल राहत योजना 2025 के अंतर्गत 38,500 उपभोक्ताओं ने लगभग 55 करोड़ रुपये का बिल जमा किया, जिन्हें करीब 59 करोड़ रुपये की छूट मिली। बैठक के बाद मंत्री संदीप सिंह ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत पांच लाभार्थियों को किट वितरित कीं और अधिकारियों को जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में महापौर विनोद अग्रवाल, विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह, पूरन प्रकाश सिंह सहित जनपद के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।