वृंदावन। भागवत मिशन ट्रस्ट में फर्जीवाड़े को लेकर बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत और उनकी मां पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि बैंक ऑफ बड़ौदा में संचालित भागवत मिशन ट्रस्ट के बैंक खाते को कूटरचित ट्रस्ट डीड प्रस्तुत कर नियमित भुगतान व नकद निकासी को रोक दिया गया है।
इस संबंध में शिव नारायण मिश्रा निवासी बिहारीपुरा वृंदावन ने कृष्ण मुरारी शर्मा, बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत करण गोस्वामी, पूजा पत्नी अतुल कृष्ण, प्रदीप गोस्वामी एवं दिल्ली निवासी नितिन मित्तल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्ष सन 1994 में कथा प्रवक्ता एवं ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के सेवायत आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी निवासी बिहारीपुरा ने भागवत मिशन ट्रस्ट बनाया था। इसमें उनके स्वर्गवासी भाई अतुल कृष्ण, विपुल कृष्ण गोस्वामी वृंदावन, विनोद गुप्ता दिल्ली व शांति गोस्वामी भी शामिल हैं।
आरोप है कि नामजदों ने कूटरचित दस्तावेज बनाकर मिशन की संपत्ति हड़पने और नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से बिना मृदुल कृष्ण की जानकारी के गोलमाल किया। इसकी पुलिस में शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप लगाया है कि करण गोस्वामी उनकी मां पूजा गोस्वामी, कृष्ण मुरारी शर्मा ने गैर कानूनी कार्यों में संलिप्तता रहकर ट्रस्ट को नुकसान पहुंचाया है और अब भी पहुंचा रहे हैं। इनके द्वारा सनेह बिहारी मंदिर में रखी दान पेटी को तोड़ कर उसमें से रुपयों को निकाला जा रहा है जबकि इन लोगों का ट्रस्ट पर कोई कानूनी या वैध अधिकार नहीं है। इन लोेगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।