मथुरा। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण ने वृंदावन के समीप राल गांव में विकसित की जा रही आवासीय योजना हनुमत विहार के आवेदन की तिथि सात दिन बढ़ा दी है। अब इस योजना में प्लाट लेने के लिए लोग 7 अगस्त तक आवेदन कर सकेंगे।
मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए) के उपाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि लैंड पूलिंग योजना के तहत राल में विकसित हनुमत विहार आवासीय योजना के ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन की अवधि की अवधि 31 जुलाई थी जो कि बुधवार को सात दिन के लिए बढ़ा दी गई है। इस योजना में अब तक 5500 से अधिक लोगों ने आवेदन किया है।
वीसी के मुताबिक हनुमत विहार आवासीय योजना 26.67 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकसित की गई है। इसमें 230 आवासीय प्लाट हैं। इसमें 170 वर्ग मीटर से 230 वर्ग मीटर के 26 प्लाट, 120 से 150 वर्ग मीटर के 77 प्लाट और 70 से 119 वर्ग मीटर के 127 प्लाट हैं। इनकी दर 25300 रुपये प्रति वर्ग मीटर निर्धारित की गई है। आवेदन की प्रक्रिया एचडीएफसी बैंक के सहयोग से ऑन लाइन अपनाई जा रही है, जिसमें आवेदन फार्म की फीस 1500 रुपए है, जबकि आवेदन के साथ प्लाट की कीमत का 10 प्रतिशत रजिस्ट्रेशन फीस के रूप में जमा करना है। यह राशि उत्तर प्रदेश में निवासरत अनुसूचित जाति और अनुसूचित जन जाति के लिए पांच प्रतिशत है।