कोसीकलां। नगर पालिका प्रशासन की सख्ती के चलते रविवार को पशु पैंठ में एक दशक बाद रिकार्ड दो हजार से अधिक पशुओं से हुलिया शुल्क (पशुओं की बिक्री व खरीद शुल्क) वसूला गया। इससे पालिका की आमदनी में बढ़ोत्तरी होगी। हुलिया शुल्क की चोरी रोकने के लिए तीन स्थानों पर बैरियर लगाए गए।
देहली गेट पर लगने वाली पशु पैंठ में बिना हुलिया शुल्क चुकाए व्यापारी पशुओं की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। जिससे नगर पालिका को प्रतिमाह लाखों रुपये राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। आम तौर पर मई से अगस्त तक गर्मी के मौसम में पशुओं की खरीद-फरोख्त कम होती है। गर्मी के मौसम में लगने वाली पशु पैंठ में चार-पांच सौ पशुओं का हुलिया शुल्क बमुश्किल मिल पाता था। इसको लेकर चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल ने सख्त कदम उठाया तो परिणाम सामने आ गए।
रविवार को चेयरमैन ने कर अधीक्षक अनिरुद्ध भारती, जेई जल विकास चौहान, कर लिपिक सूरजपाल सिंह सहित अन्य कर्मचारी को लेकर तीन स्थानों पर बैरियर लगाकर चेकिंग अभियान चलाया। इसके चलते सुबह से ही शुल्क जमा कराने के लिए काउंटर पर भीड़ जमा हो गई। चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल ने बताया कि जून माह के प्रथम रविवार को 1069 और आज रविवार को देर शाम तक लगभग 2050 से अधिक पशुओं का हुलिया शुल्क वसूल किया गया। दावा किया कि शुल्क वसूलने में करीब एक दशक का रिकार्ड टूट गया।