मथुरा। केरल एक्सप्रेस ट्रेन में बाल खींचकर चोरी और लूट करने वाला गिरोह सक्रिय है। गिरोह के सदस्य 11 दिन में दो वारदात को अंजाम दे चुके हैं। शनिवार को बदमाशों ने ट्रेन में चढ़ रही युवती के बाल खींचे और उसका मोबाइल ले उड़े।
पीड़िता मुस्कान जायसवाल निवासी ग्वालियर ने बताया कि वह मां के साथ आराध्य के दर्शन के लिए मथुरा आ रही थी। सुबह उन्होंने ग्वालियर से केरला एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ी थी। ट्रेन में चढ़ने के दौरान ही किसी ने उनके बाल तेजी से खींचे। उनका ध्यान जैसे ही बाल खींचने वाले की तरफ गया। एक युवक ने उनका मोबाइल निकाला और तेजी से भाग निकला। सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि उनकी समझ में नहीं आया। देखा तो उनका मोबाइल चोरी हो चुका था। मथुरा जंक्शन पहुंचने पर मुस्कान ने शिकायत जीआरपी थाने में की है।
13 फरवरी को इसी अंदाज में महिला के साथ हुई थी वारदात
केरल एक्सप्रेस ट्रेन में ये दूसरी वारदात हुई है। जब बाल खींचकर बदमाशों ने सामान की चोरी की है। मुस्कान से पहले बाल खींच गिरोह ने 13 फरवरी को महाराष्ट्र से परिवार के साथ मथुरा घूमने आईं महिला नंदा तिनघसे के बाल खींचे और पर्स लेकर फरार हो गए थे।
वर्जन
मामले की शिकायत सामने आई है। जांच करवाई जा रही है। मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-संदीप तोमर, थानाध्यक्ष जीआरपी