मथुरा-कोसीकला। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट ने दिल्ली की सीमाओं पर डटे पंजाब-हरियाणा के आंदोलनकारी किसानों के समर्थन में मथुरा में भी 16 फरवरी को बड़े प्रदर्शन का एलान किया है। संगठन की ओर से इस दिन खेती कार्य से दूर रहने, दुकानदारों से प्रतिष्ठान बंद रखने और आढ़तियों, व्यापारियों से मंडी बंद की अपील की जा रही है। उधर, पंजाब-हरियाणा के किसानों द्वारा मंगलवार को शंभू बॉर्डर पर बवाल के बाद पुलिस-प्रशासन ने मथुरा में भी हाई अलर्ट जारी किया है। कोसीकला क्षेत्र में हरियाणा सीमा पर नाकाबंदी कर दी गई है। दिल्ली की ओर जाने वाले उन वाहनों को, जिनमें दो से अधिक लोग बैठे हों, रोककर जांच की जा रही है।
किसान संगठनों द्वारा दिल्ली कूच के निर्णय को देखते हुए पुलिस ने कोसीकलां क्षेत्र में हरियाणा सीमा से सटे रास्तों पर नाकाबंदी कर दी है। कोटवन- करमन स्थित यूपी- हरियाणा सीमा पर बैरिकेडिंग व बैरियर लगाकर रास्तों को बंद किया गया है। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के ब्रज प्रांत अध्यक्ष दीपक चौधरी को नजरबंद कर घर पर पुलिस तैनात कर दी गई। नेशनल हाईवे-19 पर स्थित यूपी-हरियाणा सीमा करमन-कोटवन पर सीओ आशीष शर्मा, कोसीकलां थाना प्रभारी अरुण कुमार, होडल डीएसपी कुलदीप सिंह, थाना प्रभारी उमर मोहम्मद पुलिस बल के साथ डटे रहे। पुलिस ने बैरिकेड के साथ ही पत्थर मंगवा रखे हैं।
हाईवे पर दिल्ली की जाने से किसानों को रोकने के लिए वाटर कैनन मशीन, वज्र वाहन, क्रेन की भी व्यवस्था की गई है। फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस टीम भी तैनात है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन दोनों तरफ हाईवे पर दस फुट की ऊंचाई वाले कंटेनर ,कांटेदार तार, कील की भी व्यवस्था कर रही है। हरियाणा पुलिस किसानों के आने की संभावना को लेकर यूपी पुलिस से संपर्क बनाए हुए। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के प्रदेश प्रवक्ता एवं मप्र प्रभारी गजेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि 16 फरवरी के प्रदर्शन के बाद संगठन के कार्यकर्ता 14 मार्च को मथुरा के हजारों किसानों के साथ दिल्ली कूच करेंगे। किसान नेताओं की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही 16 फरवरी के प्रदर्शन को विफल बनाने की रणनीति भी तैयार की जा रही है। इधर, कोसीकला क्षेत्र में हरियाणा बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
वाहनों की हो रही चेकिंग
नाकाबंदी के दौरान पुलिस दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों की चेकिंग कर रही वहै। वाहनों में दो से अधिक लोगों को बैठा देखकर पूछताछ भी की जा रही है। पलवल पुलिस अधीक्षक डॉ. अंशु सिंगला, सीओ छाता आशीष शर्मा निगरानी रखे हुए हैं। सीओ ने बताया कि पुलिस-प्रशासन सतर्क है। किसान संगठनों से अपील की है कि कानून का उल्लंघन न करें।
किसान आंदोलन को लेकर जीआरपी अलर्ट
किसान आंदोलन के मद्देनजर जीआरपी पूरी तरह अलर्ट है। टीम बनाकर स्टेशन की निगरानी करवाई जा रही है। झुंड बनाकर लोग स्टेशन पर न पहुंचे, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। जीआरपी थानाध्यक्ष संदीप तोमर ने बताया कि किसान आंदोलन को देखते हुए जीआरपी थाने की टीम को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। स्टेशन पर किसान नेता झुंड बनाकर न पहुंचे। इस बात का खास ख्याल रखा जा रहा है। सादा कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
किसानों से अपील है कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी प्रकार की अराजकता न करें, जिससे की पुलिस-प्रशासन को कड़े कदम न उठाने पड़ें।
- शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम