सुरीर (मथुरा)। कोतवाली क्षेत्र के गांव बेरा में संदिग्ध परिस्थितियों में गर्भवती महिला का शव फंदे से लटका मिला। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृत महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घरवालों के अनुसार, माला देवी (25) पत्नी कन्हैया लाल निवासी बेरा ने शुक्रवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे कमरे में गईं और फंदा लगा लिया। कुछ देर बाद खिड़की से घरवालों ने फंदे पर लटका देखा तो होश उड़ गए। फंदे से नीचे उतार कर मायके वालों को सूचना दी। सूचना पर मायके पक्ष के लोग भी बेरा पहुंच गए।
प्रमोद कुमार निवासी याकूबपुर थाना महुआ खेड़ा जिला अलीगढ़ ने अपनी दो पुत्री माला देवी व प्रवेश की शादी करीब चार साल पूर्व गांव बेरा निवासी कन्हैयालाल व हरवीर के साथ की थी। पिता प्रमोद ने बताया कि माला को पति कन्हैयालाल सहित ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। वह गर्भवती थी और उसके दो पुत्रियां हैं। दहेज के चलते हत्या की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला ने फंदे से लटककर जान दी है। मायके पक्ष के लोग दहेज के लिए हत्या की बात कह रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।