मथुरा। जमुनापार थाने में फिरोजाबाद में तैनात एक पुलिसकर्मी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर ससुर के सामने ही अपनी पत्नी का गला घोंट दिया।
जगदीश चंद्र शर्मा निवासी सोम बाजार गली नंबर-2, गाजियाबाद ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी नीलम शर्मा उर्फ निशा की शादी संजय दीक्षित पुत्र जगदीश प्रसाद दीक्षित निवासी गुठलीपुर करील के साथ की थी। संजय दीक्षित यूपी पुलिस में है और वर्तमान में फिरोजाबाद में बतौर कोर्ट मोहर्रिर तैनात है। उसके द्वारा शादी के बाद एक लाख रुपये और कार की मांग की जाने लगी।
विरोध पर बेटी संग मारपीट करने लगे। 15 अगस्त को बेटी ने फोन कर ससुराल बुलाया। वह दामाद और बेटी को समझा रहा था, तभी दामाद ने बेटी को पीटना शुरू कर दिया। उसको जान से मारने के लिए गला दबा दिया। बीच बचाव करने पर उसे भी पीटा। इस संबंध में थाना जमुनापार में मुकदमा दर्ज कराया है।