वृंदावन (मथुरा)। कैलाश नगर के सेक्टर दो स्थित मकान में वृद्धा की मौत के बाद कोई परिजन न आने पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर बुधवार को वृंदावन के श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया और मकान में ताला लगा दिया है।
पं. बंगाल के वर्धमान जिले के दुर्गापुरम निवासी 78 वर्षीय नलिनी श्रीवास्तव पिछले लगभग 10 साल से कैलाश नगर के सेक्टर दो स्थित मकान में अकेले वृंदावनवास कर रही थीं। 24 फरवरी को मकान के अंदर मौत हो गई थी। मकान के अंदर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गई।
नयति पुलिस चौकी प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि पुलिस ने वृद्धा का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया। उसके चचेरे भाई से भी फोन पर संपर्क किया, लेकिन बुधवार तक जब वृद्धा का कोई परिजन नहीं आया तो पुलिस ने अंतिम संस्कार कर दिया है। वृद्धा के मकान में ताला लगा दिया है। इस संबंध में पुलिस उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई है।