मथुरा। पलवल सेशन कोर्ट से पेशी से लौटते वक्त होडल में पुलिस को चकमा देकर पत्नी संग फरार हुए शातिर अपराधी अनिल उर्फ टिंकल का दो सप्ताह बाद भी सुराग नहीं लगा है। हरियाणा की पलवल और उप्र की मथुरा पुलिस मिलकर उसे तलाश नहीं पाई है।
16 जनवरी को मथुरा पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल ज्ञान सिंह, कांस्टेबल विवेकानंद और दिलीप शातिर अपराधी बंदी अनिल उर्फ टिंकल पुत्र हरवीर निवासी भिडूकी, होडल, पलवल (हरियाणा) को जिला कारागार मथुरा से पलवल कोर्ट में पेशी पर लेकर गए थे। वहां से लौटते वक्त वह पलवल से होडल तक टेंपो में आए।
होडल में पुलिसकर्मियों ने शातिर अपराधी से रिश्वत लेकर उसे पत्नी से होटल में मिलने की अनुमति दे दी। होटल के कमरे में करीब एक घंटा रुकने के बाद शातिर अपराधी पुलिस के सामने ही अपनी पत्नी के साथ स्कूटी पर बैठकर फरार हो गया।
इस मामले में तीनों पुलिसकर्मी एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय द्वारा निलंबित किए जा चुके हैं। साथ ही तीनों के खिलाफ होडल थाने में कार्य में लापरवाही का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पलवल पुलिस के डीएसपी रैंक के अधिकारी इस मामले की जांच कर रहे हैं। वहीं, एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी बैठा दी है। एएसपी आईपीएस कुंवर आकाश सिंह इस मामले की जांच कर रहे हैं। आकाश सिंह ने बताया कि फरार अपराधी की तलाश में मथुरा और पलवल पुलिस की टीमें लगी हुईं हैं।