वृंदावन (मथुरा)। गोशाला नगर स्थित श्याम चरण दास निकुंज आश्रम में शनिवार रात खाना बनाते समय घरेलू सिलिंडर में आग लग गई।
आश्रम से बाहर फेंके सिलिंडर के पास खड़ी बाइक भी जल गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही घटना में कोई झुलसा नहीं। घटना से आश्रम में रह रहे पश्चिम बंगाल के तीर्थ यात्रियों में अफरातफरी मच गई।
कार्तिक मास में पं. बंगाल से वृंदावन नियम सेवा करने आया तीर्थयात्रियों को एक दल शनिवार को गोशाला नगर स्थित श्याम चरण दास निकुंज आश्रम में ठहरा हुआ था। देर रात को आश्रम में रुके तीर्थयात्री रसोई गैस सिलिंडर पर खाना बना रहे थे, तभी अचानक घरेलू गैस सिलिंडर लीक होने से आग पकड़ ली। कुछ ही समय में आग ने बड़ा रूप ले लिया।
जब तक कि कुछ लोग समझ पाते तब तक खाना बना रहे लोगों ने बड़़ी दुर्घटना की आशंका जताते हुए सिलिंडर को आश्रम से मुख्य द्वार पर फेंक दिया, जिससे आश्रम के बाहर खड़ी बाइक ने भी जलते सिलिंडर से आग पकड़ ली। दमकल की गाड़ी पर तैनात फायर मैन आकाश गौतम ने बताया कि संभवत: रसोई गैस सिलिंडर में लीकेज के कारण आग लगी।