अब सुअरों को जानलेवा बीमारी ने घेरा
- वेटरनेरी यूनिवर्सिटी ने जारी की एडवाइजरी, सुअर पालकों को दी सलाह
संवाद न्यूज एजेंसी
मथुरा। उत्तर प्रदेश पंडित दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो अनुसंधान संस्थान (दुवासु) ने अफ्रीकन स्वाइन फीवर को लेकर भी एडवाइजरी जारी की है।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एके श्रीवास्तव ने एडवाइजरी में बताया है कि अफ्रीकन स्वाइन फीवर सुअरों में होने वाली विषाणु जनित जानलेवा बीमारी है। वर्तमान में यह भारत में तेजी से फैल रही है। संभवत: इसी बीमारी के कारण विगत कुछ दिनों में मथुरा के आस-पास के जिलों में 50-60 सुअरों की जान जा चुकी है।
यह बीमारी सुअरों के अतिरिक्त अन्य किसी जानवर अथवा मनुष्य में नहीं होती है। यदि इस बीमारी का समुचित बचाव किया जाए तो इसके प्रसार को रोका जा सकता है। इसी बीमारी के परीक्षण के लिए रक्त के नमूने दुवासु, मथुरा भेजे जा सकते हैं। विवि में इस बीमारी के लिए विशेषज्ञ के तौर पर डॉ. शंकर सिंह, डॉ. अजय प्रताप, डॉ. नीरज गंगवार को अधिकृत किया गया है।