वृंदावन। सीएफसी चौराहा स्थित पोर्टर बर्चर्ड मेथोडिस्ट हॉस्पिटल और स्कूल की जमीन पर हो रहे निर्माण को निर्माणकर्ताओं ने वैध बताते हुए उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक आयोग की जांच रिपोर्ट का हवाला दिया है, जिसमें शिकायत को तथ्यविहीन मानते हुए निपटारा किया गया है।
श्री राधारानी विकास इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर सत्यम गौतम ने पत्रकारों से बातचीत में आयोग के सदस्य नवेंदु सिंह इजिकेल की चार जनवरी 2023 की जांच रिपोर्ट के हवाले से बताया कि आयोग ने एक्जीक्यूटिव बोर्ड ऑफ मैथोडिस्ट चर्च इन इंडिया (एमसीआई) के हक में अपना फैसला दे दिया है। सभी शिकायत पत्रों को साक्ष्य विहीन मानते हुए जिलाधिकारी को अग्रिम कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
आयोग ने विकास प्राधिकरण को पत्र प्रेषित कर नियमानुसार दुकानों का नक्शा जारी करने के लिए भी कहा है। निर्माण के संबंध में की गई शिकायत पर आयोग के सदस्य ने जांच की थी। शिकायतकर्ताओं को अपना पक्ष रखने के लिए भी कहा गया था, लेकिन कोई उपस्थित नहीं हुआ जबकि हमने साक्ष्य उपलब्ध कराए। बताया कि संस्था के पास वित्तीय सहायता के लिए निष्प्रयोज्य भूमि के किनारे 1200 वर्ग मीटर पर 60 दुकानों का प्रस्ताव आगरा रीजनल कांफअरेस ऑफ एमसीआई द्वारा लाया गया था।