मथुरा/बरसाना/गोवर्धन। गोवर्धन व बरसाना के परिक्रमा मार्ग का कायाकल्प कराया जाएगा। इसके समग्र विकास के लिए उप्र ब्रज तीर्थ विकास परिषद व प्रशासन के अफसरों ने गोवर्धन व बरसाना का स्थलीय निरीक्षण किया। परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने निरीक्षण व समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
गोवर्धन के लोनिवि के निरीक्षण भवन में बुधवार को आयोजित बैठक में परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, सीईओ नगेंद्र प्रताप, डीएम शैलेंद्र कुमार, एसएसपी शैलेश पांडे ने संबंधित विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा की। इनमें दानघाटी मंदिर से थाना कार्यालय तक क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत के लिए लोनिवि, संत गया प्रसाद समाधि स्थल के समीप कुंड की साफ सफाई व पानी का चैनल खोलने को वन विभाग और राजस्व विभाग को निर्देश दिए।
संकर्षण कुंड के रखरखाव व संचालन के संबंध में नगर पंचायत गोवर्धन, बड़ी परिक्रमा मार्ग स्थित गोशाला के संचालन के लिए नगर पंचायत व मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया। छोटी परिक्रमा स्थित बागड़ी वाली प्याऊ सरकारी जमीन पर शौचालयों के निर्माण की स्थिति भी तहसीलदार से पूछी और सुधार के लिए कहा। वन विभाग को दो पिंक शौचालयों के लिए जमीन उपलब्ध कराने को कहा गया। इसके अलावा पुलिस विभाग को परिक्रमा मार्ग में 40 लाख से लगे सीसीटीवी कैमरे, पीए व वाईफाई सिस्टम संचालित करने, परिक्रमा मार्ग में चलने वाले बेहिसाब ई रिक्शा संचालन को रोकने व पंजीकृत रिक्शा संचालन की व्यवस्था को सुचारू करने और नगर पंचायत और जिला प्रशासन के साथ परिक्रमा मार्ग के किनारे से अतिक्रमण हटाने को कहा गया।
परिक्रमा मार्ग में फेंसिंग के कार्य को वन विभाग को और गोवर्धन की छह काॅलोनियों का नगर पंचायत को हस्तांतरण के निर्देश दिए गए। बैठक के बाद अधिकारियों ने गोल्फ कार्ट में बैठकर परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण स्थलों की मौजूदा स्थिति देखकर निर्देश दिए।
ब्रह्मांचल पहाड़ी की पैमाइश होगी
बरसाना में नगर पंचायत के चेयरमैन प्रतिनिधि पदम् फौजी व ईओ पूजा सिंह के साथ बरसाना के विकास के लिए मंथन किया। इस दौरान सभी अधिकारियों ने रोपवे, परिक्रमा मार्ग व ब्रह्मांचल पहाड़ी का भी निरीक्षण किया। चेयरमैन प्रतिनिधि ने सांकरी खोर में पार्किंग व विलास गढ़ मानगढ़, मोरकुटी दान गढ़ को रोपवे से जोड़ने की मांग रखी। डीएम ने बताया कि ब्रह्मांचल पहाड़ी की पैमाइश कराकर जमीन को खाली कराया जाएगा। उसके बाद पहाड़ी की तार फिनिशिंग कराई जाएगी। परिक्रमा मार्ग में छायादार पौधे नीम, पीपल, बरगद आदि लगवाए जाएंगे। अतिक्रमण मुक्त कराने व लाइटिंग की अच्छी व्यवस्था के होने के बाद नगर पंचायत को हैंडओवर कर दिया जाएगा।
शौचालयों के रखरखाव के निर्देश
गंगाधाम के समीप, डीग अड्डा, नगर पंचायत के बराबर में, रामबाबा आश्रम के समीप, राधाकुंड रजवाह के पास, डीएवी स्कूल के बराबर में, बौहरे जी पेट्रोल पंप के पास, बस स्टैंड के समीप, संकर्षण कुंड के समीप शौचालय आदि के रखरखाव के निर्देश गोवर्धन व राधाकुंड नगर पंचायत को दिए गए। नगर पंचायत, तहसीलदार को जतीपुरा से पहले जीर्ण शौचालय को तोड़ने के लिए निर्देशित किया गया।परिक्रमा मार्ग में लगी लाइटों का नगर पंचायतों को हस्तांतरण, राधाकुंड स्थित राही पर्यटन केंद्र को पर्यटन विभाग को हस्तांतरण को निर्देश दिए गए हैं।