गोवर्धन। कार्तिक शुक्ल पक्ष त्रयोदशी को गिरिराज धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं के सैलाब के आगे परिक्रमा मार्ग संकरा नजर आने लगा। राधे राधे के जयघोष से गिरिराज धाम गूंज उठा।
अन्यौर और राधाकुंड परिक्रमा मार्ग में अव्यवस्थित ई-रिक्शों के संचालन से भक्तों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। रविवार को गिरिराज प्रभु के दर्शन और सात कोसीय परिक्रमा लगाने के लिए दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र से श्रद्धालु पहुंचे। जयपुर से आईं महिला श्रद्धालु संगीता और साधना शर्मा ने बताया कि कार्तिक मास में हर साल गिरिराज परिक्रमा लगाने गोवर्धन आते हैं। गिरिराज प्रभु के दर्शन करने मात्र से सभी पाप नष्ट हो जाते हैं। पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाएं ठीक हैं, लेकिन जगह-जगह ई-रिक्शा के जाम से परिक्रमार्थियों को परेशानी हो रही है।