मथुरा। सावन का आज पहला सोमवार है। शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ेगी। इसके लिए मंदिरों में तैयारियां की गईं। इस माह में विशेष रूप से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर भक्त मनौती मांगेंगे।
सावन माह में पड़ने वाले सोमवार को भगवान भोलेनाथ के भक्त व्रत रखते हैं। इस दिन बेलपत्र, भांग, धतूरा और फूलों से शिवजी की पूजा कर उन्हें जल अर्पित करना फलदायी माना जाता है। सोमवार को शिव मंदिरों को सजाया जाएगा। सायंकाल फूल और वर्फ के बंगले सजाए जाएंगे। सोमवार को आयोजन को लेकर मंदिरों में तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। इससे भक्तों को किसी प्रकार की दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
इस बार प्रथम सोमवार को अष्टमी है, जिससे व्रत की महिमा और अधिक बढ़ गई है। ज्योतिषाचार्य कामेश्वर चतुर्वेदी ने बताया कि श्रावण मास भगवान शिव को समर्पित है। अष्टमी तिथि के स्वामी स्वयं महादेव हैं। अष्टमी तिथि होने के कारण सोमवार व्रत की महिमा और बढ़ गई है। सोमवार का व्रत करने से शंकरजी भक्तों की मनोकामना पूर्ण करते हैं। सोमवार को व्रत, रुद्राभिषेक, ओम नमः शिवाय मंत्र का जाप अत्यंत श्रेयस्कर है। शिव मंदिर में दीप दान करने से राजयोग बनता है।