मथुरा। वृंदावन के ठाकुर श्रीबांकेबिहारीजी मंदिर में मंगलवार को जन्माष्टमी मनाई जाएगी। मध्यरात्रि जन्म के बाद यहां साल में एक बार होने वाली विशेष मंगला आरती होगी। इस आरती के दौरान 600 भक्तों का ही मंदिर में प्रवेश होगा। इसमें सेवायतों की संख्या भी शामिल है। हाईकोर्ट के आदेश पर यह संख्या सीमित की गई है। प्रवेश पासधारकों को ही इस आरती के दौरान मंदिर में प्रवेश मिलेगा। 600 की संख्या पूरी होने के बाद द्वार बंद कर दिए जाएंगे।
हाईकोर्ट के आदेश पर अमल करते हुए पुलिस-प्रशासन ने पास जारी करने की व्यवस्था की है। मगर, इन प्रवेश पास को लेकर भी रार छिड़ी है। अव्वल तो प्रवेश पास को लेकर मारामारी मची है। दूसरी ओर सेवायत, प्रशासन-पुलिस में ही प्रवेश पासों के बंटवारे को लेकर समन्वय नहीं हो पा रहा है। पुलिस-प्रशासन ने सुझाव भी रखा था कि 300-300 पास बांट लिए जाएं। मगर, दूसरा पक्ष इतनी संख्या पर सहमत नहीं है। ऐसे में पुलिस-प्रशासन के सामने मंगला आरती को सकुशल संपन्न कराने की चुनौती खड़ी हो गई है। दूसरी ओर प्रवेश पास पाने के लिए देशभर से पुलिस के पास सिफारिशें आ रही हैं।
भीड़ नियंत्रण को बनाए होल्डिंग एरिया
मंगला आरती के बाद बांकेबिहारी मंदिर में आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की सुविधा रहेगी। डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं के भारी संख्या में यहां पहुंचने का अनुमान लगाते हुए होल्डिंग एरिया, मंदिर के अंदर बैरियर सिस्टम आदि लागू किया गया है।
लाइव स्ट्रीमिंग को लेकर भी समन्वय नहीं बन पा रहा
हाईकोर्ट ने मंदिर परिसर में लाइव स्ट्रीमिंग करने की अनुमति दे दी है। मगर, सेवायतों का कहना है कि स्ट्रीमिंग के दौरान कैमरों को इस एंगल पर रखा जाए, जिसमें बांकेबिहारी गर्दन के नीचे तक ही दिखें। उनका मुख न दिखाया जाए। मुख दिखाने से बांकेबिहारी को नजर लग सकती है।