मथुरा। शहर के छत्ता बाजार के गोलपाड़ा निवासी प्रदीप चतुर्वेदी पुत्र मधुसूदन लाल चतुर्वेदी पेशे से सीए हैं। मुबंई के मीरा रोड पर रहने वाले सीए अपने बेटे के जनेऊ संस्कार की तैयारियों के चलते १५ मार्च को मथुरा आए। २९ मार्च को वापस सीए को मुंबई जाना था, पर लॉकडाउन के चलते वह मथुरा में ही फंस गए। अपने पुश्तैनी मकान गोलपाड़ा मेें रह रहे सीए के मोबाइल पर एक मई को देररात २.०६ बजे मैसेज आया कि उनके खाते से डेढ़ लाख रुपये निकल गए। मैसेज देखकर वह दंग रह गए। स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक के खाते से डेढ़ लाख रुपये निकल जाने की जानकारी सीए ने सबसे पहले बैंक को दी। पूरी जानकारी करने के बाद मथुरा साइबर सेल को अपने साथ हुई ठगी के बारे में बताया। हालांकि साइबर सेल ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। पीड़ित सीए ने कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।