मथुरा। अब परिषदीय विद्यालयों में गुरुजी बच्चे की लंबाई, उसका वजन, उसका ब्लड ग्रुप तथा जन्म के बाद उसे कौन-कौन सा टीका लग चुका है। इसका भी हिसाब-किताब रखेंगे। यह ब्योरा मास्साब को यू-डायस पोर्टल पर भरना होगा।
बेसिक शिक्षा विभाग भविष्य में बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए बच्चों का डाटा तैयार कर रहा है। इसके लिए यूनिफाइड डिस्ट्रिक इनफॉरमेशन सिस्टम फॉर एजुकेशन पोर्टल (यू-डायस) पर संबंधित सूचनाएं भरकर पोर्टल को अपडेट करने की तैयारी है। बेसिक शिक्षा के सरकारी प्राइमरी, अपर प्राइमरी तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों का पूरा डाटा तैयार करने जा रहा है, ताकि भविष्य में उच्च शिक्षा या नौकरी आदि की प्रक्रिया में संबंधित सूचना के लिए स्कूल, तहसील व नगर निगम या नगर पालिका इत्यादि की दौड़ न लगानी पड़े।
फिलहाल शिक्षकों को अपने विद्यालयों के बच्चों के नाम, पता, आधार नंबर व माता-पिता के नाम के अलावा परिवार की अन्य जानकारियां भी यूनिफाइड डिस्टिक इनफॉरमेशन सिस्टम फॉर एजुकेशन पोर्टल (यूडायस पोर्टल) पर अपलोड की जा रही हैं।
एक क्लिक पर मिलेगी पूरी जानकारी
ऑनलाइन व्यवस्था के तहत बच्चों का सारा विवरण ‘यू डायस प्लस’ पर फीड होने से भविष्य में उस बच्चे का कहीं से सत्यापन किया जा सकता है। बच्चों का सभी डाटा फीड होने के बाद हाईस्कूल तथा आगे भी शैक्षिक संस्थानों से लेकर नौकरी आदि के दौरान एक क्लिक पर पूरी जानकारी हासिल की जा सकेंगी।
वर्जन
फिलहाल यूडायस पोर्टल पर बच्चे के नाम, पिता का नाम, आधार नंबर आदि जानकारियां अपलोड की जा रही हैं। शीघ्र ही स्वास्थ्य संबंधी जानकारियों को भी इसमें फीड किया जाएगा। जिससे उस बच्चे की समस्त जानकारी यूडायस पर फीड रहेगी।
-सुनील दत्त, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी