मथुरा। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सफर करने वालों को अब परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) तीन नए ओवरब्रिज बनाने के साथ तीन ओवरब्रिजों को सिक्स लेन में तब्दील करने की योजना बना चुका है। ओवरब्रिजों का निर्माण और विस्तारीकरण कार्य हरियाणा चुनाव के कारण रुका पड़ा था। हरियाणा चुनाव संपन्न होने के बाद अब नरहौली, बाद और फरह ओवरब्रिज के सिक्स लेन में तब्दील होने के कार्य की टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू हो जाएगी।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर चलने वाले वाहन चालकों को लगातार सुविधाएं मुहैया करा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर नरहौली, बाद और फरह ओवरब्रिज पर आए दिन लगने वाले जाम के कारण बिना अवरोध के वाहनों का आवागमन मुनासिब नहीं हो पा रहा था। इसलिए एनएचएआई ने नरहौली, बाद और फरह ओवरब्रिज को फोरलेन से सिक्स लेन में तब्दील करने की योजना बनाई। दो साल पहले इससे लिए सर्वे कराया गया तो सर्वे करने वाली संस्था ने तीनों ओवरब्रिज पर घंटों जाम लगने की रिपोर्ट दी।
इसी रिपोर्ट को आधार बनाकर एनएचएआई ने तीनों ओवरब्रिजों को सिक्स लेन में तब्दील करने की योजना तैयार कर ली। बीच में हरियाणा चुनाव होने के कारण यह योजना ठंडे बस्ते में चली गई। हरियाणा चुनाव संपन्न होने के बाद पुनः योजना पर काम शुरू होने लगा है। एनएचएआई के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही ओवरब्रिज के विस्तारीकरण के कार्य की टेंडर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके बाद दिल्ली से आगरा तक का सफर बिना रुकावट के होगा। संवाद
नरहौली पुल के कारण लगता है घंटों जाम
आगरा-दिल्ली मार्ग पर वैसे तो तीनों पुलों पर रोजाना जाम लगता है, लेकिन सबसे अधिक नरहौली पुल पर जाम लगता है। नरहौली पुल पर जाम लगने के कारण कई घंटे तक वाहन चालक रेंगते हुए चलते हैं। बारिश के दिनों में तो जाम लगना जैसे पहले से ही तय होता है। हल्की सी बूंदाबांदी के बाद ही टाउनशिप से नरहौली पुल और जयगुरुदेव तक जाम लग जाता है। इसे खुलवाने में पुलिस और एनएचएआई की टीम को अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ती है। कुछ इसी प्रकार का हाल बाद गांव से रिफाइनरी वाले ओवरब्रिज का है। यहां भी आए दिन जाम लगना आम बात हो गई है।
तीनों पुल के नीचे रेलवे करा चुका है आरसीसी बॉक्स पुशिंग का कार्य
लगभग दो साल पहले रेलवे तीनों पुल के नीचे आरसीसी बॉक्स पुशिंग का काम करा चुका है। सबसे पहले फरह पुल के नीचे आरसीसी बॉक्स पुशिंग का काम हुआ था। इस कारण जाम के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी थी। इसके बाद बाद और फिर नरहौली पुल के नीचे रेलवे ने कार्य कराया था।
नरहौली पुल के नीचे होने वाले रेलवे के आरसीसी बॉक्स पुशिंग के कार्य को तो कई बार किसी न किसी कारण से टाला भी गया, लेकिन अंत में पुलिस ने रूट डायवर्ट की योजना बनाकर पुल के नीचे कार्य शुरू कराया, लेकिन पुलिस का रूट डायवर्ट का प्लान सफल नहीं हुआ और लोगों को जाम से जूझना पड़ा। तीनों पुलों पर कार्य के दौरान बड़े वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से बंद कर दिया गया था।
तीनों पुलों को सिक्स लेन में तब्दील करने की टेंडर प्रक्रिया रुकी हुई थी जोकि जल्द शुरू हो जाएगी। टेंडर प्रक्रिया के बाद एक-एक करके तीनों ओवरब्रिजों के विस्तारीकरण का कार्य होगा। ताकि हाईवे पर वाहनों का आवागमन बिना रुकावट के हो सके।
-धीरज कुमार, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई