कोसीकलां। नगर पालिका और पंचायतों के नए अध्यक्षों को खजाना भरा हुआ मिलेगा, क्योंकि 15वें वित्त आयोग के तहत पालिका और पंचायतों को बजट जारी कर दिया गया है। कोसीकलां नगर पालिका परिषद को करीब दो करोड़ तथा 13 नगर पंचायतों को करीब छह करोड़ रुपये का बजट मिला है। हालांकि आचार संहिता के कारण अ्रभी इसे खर्च नहीं किया जा सकेगा।जिला पंचायत, ब्लॉक समिति और ग्राम पंचायतों के लिए 15वें वित्त आयोग के तहत बजट की किस्त पिछले महीने के शुरुआत में जारी हो गई थी। नगर पालिकाओं और 13 नगर पंचायतों के लिए भी किस्त जारी होनी थी। उस समय माना जा रहा था कि किस्त चुनाव के बाद जारी की जाएगी, लेकिन आचार संहिता से कई दिन पहले करीब आठ करोड़ रुपये की किस्त जारी कर दी गई है। नगर पंचायतों के लिए 20-60 लाख रुपये तक की राशि जारी की गई है। यही बजट पहले मिलता तो गलियों में इंटरलॉकिंग, जर्जर पाइप लाइन सही कराने, नालों की सफाई, रेलवे स्टेशन से नंदगांव रोड पुल तक सड़क निर्माण कार्य हो सकता था।
खर्च करने को लेनी होगी अनुमति
नगर पालिका और पंचायतों को मिला बजट अगर नए कार्यों पर खर्च करना है तो पहले प्रशासन की कमेटी पास करेगी। इसके बाद चुनाव आयोग से उस कार्य को कराने की अनुमति लेनी होगी। इसलिए प्रशासनिक कमेटी इस बजट को खर्च करने से हाथ खींच रही है।
15वें वित्त आयोग के तहत कुछ बजट मिला है। नए कार्य के लिए बजट खर्च करना है तो पहले चुनाव आयोग से अनुमति लेनी होगी। इसलिए पुराने कार्यों पर ध्यान दिया जा रहा है।
- उमेश कुमार मिश्रा ईओ, कोसीकलां