भरतपुर। सेवर क्षेत्र की सैनिक विहार कॉलोनी में पति ने मंगलवार आधी रात में सो रही पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी पति खुद थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की वजह अवैध संबंधों में शक बताया जा रहा है।
सेवर थाना एसएचओ अनिल जसोरिया ने बताया कि क्षेत्र की सैनिक कॉलोनी निवासी सतेंद्र मध्यरात्रि में थाने पहुंचा और पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या करने की सूचना दी। आरोपी ने अपनी पत्नी के गले व शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से कई बार किए।
रिश्तेदार शिवकुमार शर्मा ने बताया कि रजनी (32) और उसका पति सतेंद्र बच्चों के साथ सेवर क्षेत्र की सैनिक कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे। मंगलवार रात को मृतका रजनी के सिर में दर्द हुआ तो बच्चों ने मकान मालिक से दर्द की गोली लाकर दी। रजनी गोली लेकर सो गई। उसके बाद बच्चे भी खाना खाकर सो गए। कोई लड़ाई झगड़ा नहीं हुआ था। उसके बाद सतेंद्र ने घटना को अंजाम दिया और पुलिस थाने पहुंचा।
शिवकुमार ने बताया कि मकान मालिक को भी घटना की जानकारी तब मिली जब घर पर पुलिस की गाड़ी पहुंची। एसएचओ ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है। आरोपी पति और मृतका के दो बेटी और एक बेटा है।
बच्चों को डरा कर बंद कर दिया था कमरा
सूत्रों के अनुसार, पति ने आधी रात को जब बच्चे और पत्नी रजनी सो गई तो अचानक पत्नी पर चाकू से वार कर दिए। इस दौरान आवाज होने पर बच्चे भी जाग गए थे। बच्चों को पिता ने डरा कर सोने की बात कह कर बाहर से कमरे का गेट बंद कर सेवर थाना पहुंच गया। घटना के बाद तीनों बच्चे डर गए। एक रिश्तेदार उसे अपने घर पर ले गया। मृतका के पिता विष्णु निवासी डोरावली जिला करौली ने बताया कि रंजनी की 2000 में शादी हुई थी, जब वह तीन माह की थी तक उसकी मां उसकी मौत हो गई थी यह मेरी इकलौती बेटी थी। अब बेटी के तीन बच्चों अक्षरा (13), इसिका (11), पुनीत (06) को अपनी बेटी समझ कर पालना है।