मथुरा। मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं को समय पर बस सुविधा उपलब्ध कराने और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के उद्देश्य से मथुरा-वृंदावन क्षेत्र को सात सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है, जो अपने-अपने क्षेत्र में बस संचालन, यात्री सुविधाओं और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करेंगे। इन चेक पोस्टों के माध्यम से बसों की आवाजाही, मार्ग परिवर्तन, भीड़ की स्थिति तथा संचालन व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर यहीं से बसों का संचालन वैकल्पिक मार्गों पर भी कराया जाएगा। मेले के दौरान अतिरिक्त बसों के संचालन के लिए आगरा, बरेली, गाजियाबाद, मेरठ, मुरादाबाद, अलीगढ़ सहित अन्य बड़े डिपो से बड़ी संख्या में बसें मथुरा भेजी गई हैं। बसों के साथ अनुभवी चालक, परिचालक और तकनीकी कर्मचारियों की भी तैनाती की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी या परिचालन संबंधी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके। पूरे मेला क्षेत्र में बस संचालन की कमान आगरा क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल संभालेंगे। वे स्वयं संपूर्ण व्यवस्था की निगरानी करते हुए सभी सेक्टर प्रभारियों और अधिकारियों को समय-समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेंगे। यह जानकारी एआरएम केके आर्य ने दी है। संवाद