मथुरा। सांसद हेमा मालिनी मंगलवार को कृष्ण विहार काॅलोनी पहुंची। यहां पानी की टंकी के जमींदोज होने की घटना के पीड़ितों से मुलाकात की। पीड़ित को बात सुनकर जल्द ही अफसरों से वार्ता कर क्षेत्र में सभी सुविधाएं पूर्व की तरह सुचारू कराने का भरोसा दिया।सांसद ने भरोसा दिया कि हादसे के सभी गुनहगारों को सजा मिलेगी। सीएम योगी से इस संबंध में उनकी वार्ता हुई है। सीएम खुद इस पूरी कार्रवाई पर निगाह रखे हुए हैं।
दोपहर करीब 12 बजे सांसद हेमा मालिनी के आने की खबर पाते ही घटनास्थल के आसपास के घरों से महिलाएं, युवक और पुरुष एकत्रित हो गए। सांसद ने पीड़ित परिवार के लोगों से घटना की जानकारी ली। कहा, बड़ी हैरत की बात है कि दो साल में ही पानी की टंकी गिर गई। उन्होंने कहा कि इसके निर्माण में भारी लापरवाही बरती गई है। मौके पर मौजूद पार्षद तिलकवीर चौधरी ने सांसद को जानकारी दी। हेमामालिनी ने कहा लगता है कि सरकार से जितनी धनराशि स्वीकृत हुई उतनी धनराशि इसके निर्माण पर खर्च नहीं हुई। इसके पिलर और टैंक की गुणवत्ता ठीक नहीं थी। इसलिए यह टंकी गिरी। जिसमें दो महिला सहित तीन लोग मारे गए। स्थानीय लोगों ने सांसद को अवगत कराया कि घटना को हुए 17 दिन हो गए अभी तक बिजली पानी की समस्या सुचारू नहीं हो सकी है।
तीन दिन में बिजली आई, टैंकरों से पानी कभी आ जाता है कभी नहीं आता। टंकी गिरने से उनके घर बर्बाद हो गए है। जब इसका निर्माण हो रहा था, तब ही उन्होंने इसकी शिकायत डीएम, एक्सईएन आदि से की थी। मगर, किसी ने सुनवाई नहीं की। सांसद ने आश्वासन दिया कि हादसे के जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई होगी। जानकारी मिली है कि ठेकेदारों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक की गिरफ्तारी हो चुकी है। दो अन्य को भी जल्दी पुलिस तलाश कर जेल भेज देगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हादसे में जिन-जिन मकानों का नुकसान हुआ है। उनके स्वामियों को प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता दी जाएगी। हादसे में मृत दो महिलाओं के परिजनों को आर्थिक सहायता राशि जारी भी कर दी गई है।