विश्राम घाट पर यमुना में खड़ीं नावें।
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से छोड़ा गया दो लाख 21 हजार क्यूसेक पानी का एक चौथाई भाग मथुरा में रविवार तक पहुंचने की संभावना है। इस आशंका के चलते सिंचाई विभाग सहित सभी अन्य विभाग सतर्क हो गए हैं। उधर, प्रयाग घाट पर शुक्रवार को 164.64 मीटर यमुना का जलस्तर मापा गया। शनिवार की सुबह भी यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी जारी रही।
बारिश के चलते हथिनी कुंड से पानी को छोड़ा जाना प्रारंभ हो गया है। बुधवार को हथिनी कुंड बैराज से दो लाख 21 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। सिंचाई विभाग के अनुसार इस पानी के सोमवार तक मथुरा में पहुंचने की उम्मीद है। सिंचाई विभाग ने शुक्रवार को प्रयाग घाट पर 164.64 मीटर का जल स्तर मापा। जबकि बृहस्पतिवार को यह जलस्तर 164.64 मीटर था।
खतरे का निशान १६६ मीटर है। जानकारी रहे ओखला से शुक्रवार सुबह 17639 क्यूसेक जल छोड़ा गया। जबकि यमुना में जल का संतुलन करने के लिए सिंचाई विभाग द्वारा बैराज से 39499 क्यूसेक पानी को आगरा के लिए छोड़ा गया। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश कुमार ने बताया कि हथिनी कुंड से छोड़े गए पानी की रविवार तक मथुरा पहुंचने की उम्मीद है।