राया (मथुरा)। थाना पुलिस ने चोरी की चार बाइक सहित दो वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। मौके का फायदा उठा दो चोर भाग गए। गिरफ्तार किए गए दोनों चोर, शातिर किस्म के बदमाश हैं। उनके खिलाफ अन्य थाना क्षेत्रों में भी मुकदमे दर्ज हैं।
प्रभारी निरीक्षक ओमहरि वाजपेयी मय टीम के कपूर बगीची के पास चेकिंग कर रहे थे, तभी सूचना मिली कि चार वाहन चोर चोरी की अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर मांट की तरफ से नहर के किनारे राया की तरफ जा रहे हैं। सूचना पर बाइक सवार संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कपूर बगीची पर की जा रही थी। चेकिंग के दौरान चार अलग-अलग बाइक सवार संदिग्धों को रोका गया। पुलिस को देखकर बाइक मोड़ कर भागने लगे, तभी दो व्यक्तियों को पकड़ लिया। दो लोग बाइक छोड़ कर मौके से फरार हो गए।
पकडे़ गए दो लोगों से चोरी की चार बाइकें बरामद की हैं। बताया गया की ये बाइक अलग-अलग क्षेत्रों से चोरी की हैं। पकड़े गए चोरों ने अपना नाम वीकेश और नकुल निवासीगण ग्राम बिसायती गढ़ी थाना खैर जनपद अलीगढ़ बताए हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बताया की पकड़े गए दोनों आरोपी अंतर जनपदीय वाहन चोर हैं। इनके खिलाफ अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुकदमे दर्ज हैं। मौके से भागे दो और बदमाशों की पुलिस तलाश कर रही है।