मथुरा। विद्युत निगम के तीन एसडीओ के तबादले कर दिए गए। उससे पहले मुख्य अभियंता समेत चार अफसरों को निलंबित करने के बाद यह आदेश सोमवार की देर रात विद्युत निगम के अफसरों को मिल सके। हालांकि अभी तक इन तीनों ने अपना चार्ज ग्रहण नहीं किया है।
१५ जुलाई को मुख्य अभियंता संजय कुमार सिन्हा ने तीन एसडीओ के तबादले किए थे लेकिन इन आदेशों को देर शाम निरस्त कर दिया। इसका ठीकरा मुख्य अभियंता ने मथुरा के विद्युत निगम के अफसरों पर फोड़ दिया लेकिन वह भी इस कार्रवाई से बच नहीं सके।
डीवीवीएनएल के एमडी अमित किशोर ने मुख्य अभियंता संजय कुमार सिन्हा, एसई शहरी खंड आनंद प्रकाश शुक्ला, एक्सईएन कृष्णानगर सचिन गुप्ता और वृंदावन के एक्सईएन राजीव कालरा को निलंबित कर दिया था।
ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा से शिकायत के बाद इन तबादलों के निरस्त की जांच कराई गई थी। इन चारों अफसरों के निलंबन के बाद एसडीओ कैंट संदीप वार्ष्णेय को वृंदावन, मसानी एसडीओ गौरव गुप्ता को कैंट और वृंदावन एसडीओ को मसानी बिजलीघर तबादला कर दिया है। यह आदेश होने के बाद विद्युत निगम में खलबली मच गई है।